जौनपुर। त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम डॉ. दिनेशचंद्र की अध्यक्षता में बैठक हुई। डीएम ने कहा कि सभी बीएलओ को अच्छे से प्रशिक्षण दिया जाए। जितना अच्छा प्रशिक्षण होगा निर्वाचन उतना ही आसानी से संपन्न होगा। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया पुस्तिका को अनिवार्य रूप से पढ़े। समस्त बीएलओ एवं पर्यवेक्षक का तहसील स्तर पर दो दिवसीय प्रशिक्षण 30 जुलाई के पूर्व कर लिया जाए। प्रशिक्षण के दौरान सभी बीएलओ को ई-बीएलओ मोबाइल ऐप को इंस्टॉल करने लिए निर्देशित किया गया। सभी बीएलओ को मोबाइल एप्लीकेशन के संचालन से संबंधित दिशा-निर्देश भी उपलब्ध करा दिए जाए। आयोग के निर्देश पर बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना और सर्वेक्षण का कार्य 14 अगस्त से 29 सितंबर तक कर लिया जाए। निर्वाचन गणना कार्ड में संशोधन व विलोपित होने वाले मतदाता का नाम दर्ज करते समय वर्तमान निर्वाचन नामावली का निर्वाचन क्रमांक अवश्य अंकित किया जाए। दावे आपत्ति एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी निर्वाचकों के स्वीकार किए जाएंगे। 14 अगस्त से 22 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे, 23 सितंबर से 29 सितंबर तक ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों पत्रों की घर-घर जाकर जांच की जाएगी। 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक निर्वाचन गणना पत्र के आधार पर परिवर्धन संशोधन एवं विलोपन की तैयार सूची सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय में जमा की जाएगी।