जौनपुर। हापुड़ में डीएम के कथित उत्पीड़न से लेखपाल की मौत के विरोध में प्रदेशभर के लेखपालों में आक्रोश फैल गया है। इसी क्रम में सोमवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले जिले के सभी तहसील मुख्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित 6 सूत्रीय मांगपत्र प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।सदर तहसील में तहसील अध्यक्ष अनुराग सिंह व तहसील मंत्री रिजवान अहमद के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। इसमें हापुड़ में मृत लेखपाल के समर्थन पर जिला प्रशासन के अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने मांग किया कि मृतक के आश्रित को आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी, जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई, अधीनस्थ कर्मचारियों से सम्मानजनक व्यवहार हो।शाहगंज : लेखपाल संघ के तत्वाधान में तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। तहसील अध्यक्ष विकास सिंह व संजय कुमार के नेतृत्व में लेखपालों ने एसडीएम कुणाल गौरव को सीएम को संबोधित 6 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।वक्ताओं ने आरोप लगाया कि हापुड़ में डीएम द्वारा लेखपाल सुभाष मीणा के साथ अपमानजनक व्यवहार किया। मामले में बिना किसी जांच के झूठी शिकायत पर उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की गई, जिससे तनावग्रस्त होकर लेखपाल की मौत हो गई। इस घटना से पूरे प्रदेश के राजस्व कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।इस मौके पर तहसील मंत्री विवेक सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरजीत बिंद, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सत्येंद्र यादव, उपमंत्री ऋतुराज चौधरी, कोषाध्यक्ष ज्योति तिवारी, ऑडिटर रविकांत मौर्य आदि मौजूद रहे। मछलीशहर : हापुड़ में लेखपाल की मौत से आक्रोशित लेखपालों ने सोमवार को तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुमार सौरभ को सौंपा।लेखपालों ने हापुड़ के जिलाधिकारी के कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि झूठी शिकायत पर लेखपाल सुभाष मीणा को दंडित किया गया जिससे तनावग्रस्त लेखपाल की मृत्यु हो गई। इस घटना से प्रदेश के समस्त लेखपाल आहत हैं। इस अवसर पर संघ के तहसील अध्यक्ष राहुल पटेल, जयशंकर, महामंत्री जगवीर गौतम, परमानंद मिश्रा, कृपाशंकर, अशोक सरोज, दिलीप शुक्ला, अमर बहादुर आदि उपस्थित रहे।मड़ियाहूं : तहसील परिसर में लेखपालों ने मड़ियाहूं लेखपाल संघ के अध्यक्ष अवधेश कुमार मौर्य व महामंत्री अभिलाष यादव के नेतृत्व में हापुड़ में एक लेखपाल की मौत से आक्रोशित होकर धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।