जौनपुर। एससी-एसटी आरक्षण को लेकर वर्गीकरण के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में बुलाया गया भारत बंद बेअसर रहा। सड़कों पर वाहन चलते रहे। दुकान, बाजार और संस्थान खुले रहे। इस दौरान लॉ एंड ऑर्डर को लेकर पुलिस चौकस रही। पुलिसकर्मी सुरक्षा में जगह-जगह तैनात रहे।
सपा ने बंद का समर्थन देते हुए सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पुनर्विचार कर पुरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर आरक्षण बचाव का समर्थन किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकारें पिछड़ों दलितों से आरक्षण छीनना चाहती हैं। समाजवादी अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष बरसातू राम सरोज ने कहा कि जातीय जनगणना में ही सभी के अधिकार निहित इसलिए जातीय जनगणना कराकर सरकार सबकी हिस्सेदारी तय करे। इस मौके पर राजनाथ यादव, रुखसार अहमद, श्यामबहादुर पाल, दीपचंद राम, हीरालाल श्वकर्मा, आरिफ हबीब, इरशाद मंसूरी, राहुल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
..............................
सपा कार्यकर्ताओं ने विधायक के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन
मछलीशहर। केराकत विधायक तूफानी सरोज के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने नगर के चुंगी चौराहा पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रपति और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय की ओर से पारित आदेश को कानून बनाकर समाप्त करने, अनुसूचित जाति जनजाति को कृमि लेयर से बाहर रखने, सुप्रीम कोर्ट की ओर से पारित आदेश को असंवैधानिक करार देते हुए उसे वापस लेने, राज्यसभा और विधान परिषद, प्राइवेट सेक्टर और जजों की नियुक्ति में भी आरक्षण लागू करने की मांग की गई है। इस मौके पर सपा नेता जयहिंद यादव आदि उपस्थित रहे।
..........................................
प्रमुख स्थानों पर फोर्स रही तैनात
महराजगंज। भारत बंद को लेकर बदलापुर में बुधवार सुबह से ही सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। पुलिस व प्रशासन के अफसर अलर्ट मोड पर रहे। क्षेत्र के आंबेडकर तिराहा, इंदिरा चौक, श्री कृष्णा नगर रेलवे स्टेशन आदि प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। बंद को देखते हुए क्षेत्राधिकारी बदलापुर अरविंद वर्मा सुरक्षा बलों के साथ क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर भ्रमण किया।
-
एसडीएम व सीओ ने भारत बंद को लेकर किया फ्लैगमार्च
शाहगंज : उपजिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया व क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने नगर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने व्यापारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन रोडवेज समेत नगर भ्रमण किया। सभी दुकानें खुलीं रही कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना ना हो। इसके लिए थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा अपनी टीम के साथ भ्रमण करते रहे।