विकास खंड शाहगंज के सोंधी कार्यालय पर शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर पारा कमाल न्याय पंचायत की मतगणना हुई। एक बूथ के मत दीमक खा गए थे। इस कारण मतगणना पूरी नहीं हो सकी।
अपर जिला जज चतुर्थ के आदेश पर जिला पंचायत के वार्ड आठ पारा कमाल न्याय पंचायत के 25 बूथों की दोबारा मतगणना शुक्रवार को सुबह 9 बजे शुरू हुई। इसके लिए पांच टेबल लगाए गए थे। 24 बूथों की मतगणना पूरी हो गई, परंतु 25वें बूथ के 121 नंबर की पेटिका के मत दीमक खा गए थे। इसके कारण मतगणना पूरी नहीं हो सकी।
जिला पंचायत सदस्य के वार्ड आठ के हारे प्रत्याशी मातिउद्दीन ने 14 जून 2021 को न्यायालय में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि वर्ष 2021 के चुनाव परिणाम तालिका में पारा कमाल न्याय पंचायत के 25 बूथों की मतगणना शामिल नहीं की गई है। इस पर कोर्ट ने गत 11 नवंबर को न्याय पंचायत के अंतर्गत आने वाले 25 बूथों की पुनर्मतगणना का आदेश दिया था। चुनाव में वार्ड आठ से शोले राजभर 3976 मत पाकर विजयी घोषित हुए थे, जबकि तीसरे नंबर पर रहे मतीउद्दीन को सिर्फ 1670 मत मिले थे। रिटर्निंग आफिसर उप जिलाधिकारी शाहगंज राजेश चौरसिया ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुनर्मतगणना कराई गई, लेकिन एक बूथ की मतपेटिका के मत दीमक खा जाने के कारण मतगणना पूरी नहीं हो सकी। इसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेज दी जाएगी।