बदलापुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए दस लोगों ने दावेदारी की है। सभी आवेदक बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के ही निवासी हैं। हालांकि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 40 प्रतिशत पर महिला प्रत्याशियों को उतारने की चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की है। इसको देखते हुए दस आवेदकों में तीन महिलाओं ने भी टिकट के लिए दावेदारी की है।
बदलापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस से टिकट के लिए दावेदारी करने वालों में पूर्व सांसद स्व. कमला प्रसाद सिंह के प्रपौत्र गौरव उर्फ शनि की पत्नी आरती सिंह, सिंगरामऊ क्षेत्र की रहने वाली अन्नू गुप्ता तथा एकता दूबे शामिल हैं। इनके अलावा रामचंद्र मिश्र, शार्दुल सम्राट सिंह, शैलेंद्र कुमार सिंह, चंद्र सेन गुप्ता, ओम प्रकाश गुप्ता, जय शंकर दुबे, सत्यवीर सिंह ने भी टिकट के लिए दावेदारी की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष फैसल हसन तबरेज ने बताया कि जनपद में कांग्रेस का सदस्यता अभियान 10 दिसंबर तक चलाया जाएगा। अभियान की शुरूआत 26 नवंबर को गई है। अभियान के दौरान 5,00,000 सदस्य बनाने का लक्ष्य है। टिकट के लिए दावेदारी करने वाले प्रत्येक आवेदनकर्ता को 10,000 सदस्य बनाना है। लक्ष्य के अनुरूप सदस्य बनाए जाने का मूल्यांकन करने के बाद आवेदनकर्ताओं की रेटिंग की जाएगी। आवेदकों ने अपना आवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नाम भेजा है। जिलाध्यक्ष ने सभी आवेदन संस्तुत कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अग्रसारित कर दिया गया है। आवेदकों का स्क्रीनिंग कमेटी साक्षात्कार करेगी। उसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी अपनी रिपोर्ट पार्टी के केंद्रीय कार्यालय भेजेगी।