मड़ियाहू के रानीपुर चौराहे पर रविवार शाम चार बजे कार के धक्के से साइकिल सवार सदर गंज पश्चिमी निवासी लकी सेठ (15) की मौत हो गई। वह अपने मित्र आर्यन के साथ साइकिल से कहीं जा रहा था। रानीपुर चौराहे पर जौनपुर से मिर्जापुर की ओर जा रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। कार चालक ने दोनों को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने लकी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष मड़ियाहूं अनिल कुमार ने बताया कि कार और चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।