मल्हनी... आशीष, फाइल फोटो
मल्हनी। बक्सा थाना क्षेत्र के फतेहगंज बाजार निवासी आशीष प्रजापति (14) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह दीपावली के लिए जौनपुर शहर से लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खरीदकर ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। वाराणसी-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सीहीपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में आशीष घायल हो गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। फतेहगंज बाजार निवासी तूफानी प्रजापति के दो बेटे हैं। उनका छोटा बेटा आशीष बृहस्पतिवार को दीपावली की तैयारी के लिए जौनपुर शहर से मूर्ति खरीदने गया था। रात करीब 9:30 बजे वह मूर्ति लेकर ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। इसी दौरान लाइनबाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर के पास अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया और आशीष घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। लाइनबाजार थाना प्रभारी विनीत राय ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।