जौनपुर । जिले के परिषदीय तथा माध्यमिक विद्यालयों में सोमवार को नया शैक्षिक सत्र शुरू हो गया है। पहले दिन स्कूल जाने को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह रहा। स्कूलों में बच्चों का स्वागत पुष्प वर्षा और तिलक लगाकर किया गया। पंखुडियों और गुब्बारों से सजाये गये स्कूल गेट से जैसे ही बच्चों ने प्रवेश किया शिक्षकों ने उनका स्वागत किया। हालांकि विद्यालयों में कहीं 20 तो कहीं 50 फीसदी रही बच्चों की उपस्थिति।
मछलीशहर विकास खंड के 155 परिषदीय विद्यालयों में देवरिया, जुड़उपुर, कटाहित खास,अहमदपुर, छाछो,जमालपुर समेत अन्य विद्यालयों में नामांकन कराने आए बच्चों का माला पहनाकर और तिलक लगाकर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वागत किया है। प्रधानाध्यापकों ने बताया कि नए सत्र में विद्यार्थियों का नाम लिखने की व्यवस्था कर ली गई है। बरईपार में प्राथमिक विद्यालय सकरा खास ब्लाक सुजानगंज में कुल 17 बच्चे उपस्थित मिले। कोई भी नया नामांकन नहीं हुआ है। जलालपुर में पहले दिन करीब 50 प्रतिशत छात्रों की उपस्थिति रही। लेकिन नई पाठ्य पुस्तकें बच्चों को नहीं मिल पाईं। मीरगंज में प्रधानाध्यापक मातादीन ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय अगहुआ में पहले दिन बच्चों का स्वागत माला पहनाकर और तिलक लगाकर किया गया। सिकरारा के 123 परिषदीय विद्यालयों में 94 प्राथमिक,11 उच्च प्राथमिक तथा 18 कंपोजिट विद्यालयों में पहले दिन बच्चों की उपस्थिति अच्छी मिली। जफराबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय ग्यासपुर में पहले दिन विद्यालय के हेड मास्टर एवं टीचर ने बच्चों को लड्डू खिलाकर स्कूल के अंदर प्रवेश कराया। ऐसा ही दृश्य सभी प्राथमिक विद्यालयों में देखने को मिला।
पहले दिन नहीं मिल पाईं किताबें
नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही बेसिक शिक्षा विभाग के दावे फेल होते नजर आए। सत्र शुरू होने से पहले ही विभाग ने दावा किया था कि किताबें आ गई हैं, जल्द ही बच्चों को उपलब्ध कराई जाएंगी। लेकिन किताबें उपलब्ध न होन से पहले ही दिन बच्चों को बिना किताब के पढ़ना पड़ा।
नए सत्र की शुरुआत में बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में स्कूल से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। किताबें जिले में आ गईं हैं। कुछ स्कूलों में बंट गई हैं। इस सप्ताह हर स्कूलों में किताबें उपलब्ध करा दी जाएंगी। - डॉ. गोरखनाथ पटेल, बीएसए