जौनपुर। आगामी चुनाव में मतदान फीसदी बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन सजग है। प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए योजना बनाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जिले में 45 मॉडल और महिला वोटरों के लिए 9 सखी बूथ भी बनाएं जाएंगे। इसके अलावा हर मोहल्ले में जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। बूथों पर बेहतर पेयजल, बैठने, सेल्फी पॉइंट की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक पिंक बूथ बनाए जाएंगे। इन बूथों पर महिलाकर्मी की ही तैनाती की जाएगी। जिले में पिछले दो लोकसभा चुनाव में साठ फीसदी से कम मतदाताओं ने ही वोट किया। आकड़े के मुताबिक 2014 में 54.48 फीसदी और 2019 में 55.77 फीसदी वोटरों ने ही मतदान किया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदान फीसदी बढ़ाने के लिए प्रशासन ने कमर कस लिया है। जिले में दो लोकसभा क्षेत्र जौनपुर और मछलीशहर हैं। दोनों लोस क्षेत्र में पांच-पांच विधानसभा क्षेत्र है। सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह ने बताया कि मतदान फीसदी बढ़ाने के लिए योजना बनाई जा रही है। मतदाताओं की सुविधा के लिए लोस क्षेत्र के हर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल बूथ और पिंक बूथ बनाए जाएंगे।