वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षा के दौरान बुधवार को सुबह रामलखन सिंह शिक्षण संस्थान नकहरा खानदेव सिंगरामऊ केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंचे उड़ाका दल के सदस्यों के साथ मारपीट हो गई। परीक्षा केंद्र पर तैनात शिक्षक और कर्मचारियों के बीच कुर्सिया चलीं। दोनों पक्षों ने सिंगरामऊ थाने पहुंचकर तहरीर दी। कुलपति से भी घटना की शिकायत की।
केंद्र पर सुबह आठ बजे से स्नातक पहले सेमेस्टर की कैरीकुलम की परीक्षा चल रही थी। उड़ाका दल के संयोजक डॉ. योगेश शर्मा, डॉ. राजेश कुमार सिंह और डॉ. किरण यादव बुधवार को सुबह की पाली में परीक्षा केंद्र पर निरीक्षण करने राम लखन सिंह शिक्षण संस्थान नकहरा खानदेव केंद्र पर पहुंचे। उड़ाका दल का आरोप है कि केंद्र पर तैनात कर्मचारियों से उनकी आईडी दिखाने को कहा गया। इससे विवाद शुरू हो गया। हाथापाई हो गई। डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि कॉलेज कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। जबकि कॉलेज के प्रबंधक मानसिंह ने उड़ाका दल पर छात्रों को परेशान करने, कर्मचारियों से दुर्व्यवहार और पैसे मांगने का आरोप लगाया।
घटना के बाद शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. राहुल सिंह, पूर्व अध्यक्ष डॉ. विजय प्रताप सिंह और अन्य शिक्षक नेता विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति प्रो. वंदना सिंह से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर नकल कराई जा रही थी, जिसका विरोध करने पर उड़ाका दल के साथ मारपीट हुई। शिक्षक संघ ने परीक्षा केंद्र रद्द कर कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुलपति ने शिक्षक संघ को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। शिक्षक संघ ने एसपी डॉ. अजय पाल शर्मा से भी मुलाकात कर घटना की जानकारी दी। दोनों पक्षों ने सिंगरामऊ थाने में तहरीर दी।