शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 28 नवंबर को जिले में दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली में 68 केंद्रों पर 41,996 और दूसरी में 44 केंद्रों पर 28,146 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12.30 बजे तक प्राथमिक स्तर के विद्यालयों के लिए परीक्षा कराई जाएगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 2.30 बजे से पांच बजे तक कराई जाएगी। इसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के लिए परीक्षा होगी।
परीक्षा शुरू होने से पहले ही अभ्यर्थी को अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षार्थियों को अपने साथ फोटोयुक्त प्रवेश पत्र, बीएड अथवा बीटीसी के किसी एक सत्र के अंकपत्र की मूल प्रति अथवा फोटोस्टेट प्रति जो डायट के प्राचार्य से प्रमाणित हो, लाना जरूरी है। हर परीक्षा केंद्र पर एक व्यवस्थापक के अलावा, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित का कहना है कि शुचितापूर्ण परीक्षा कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी केंद्र पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं।