जौनपुर। कस्तूरबागांधी आवासीय विद्यालय में एक ही दस्तावेज पर कई जिलों में नौकरी का खुलासा होने के बाद जिले में भी कस्तूरबा विद्यालय के सभी शिक्षकों व कर्मचारियों के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, उनके अस्थाई और स्थाई पता, आधार कार्ड, बैंक खाता आदि का फिर से सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। इस समिति को जुलाई माह के प्रथम सप्ताह तक रिपोर्ट देने को कहा गया है। मानव संपदा पोर्टल से प्रमाणपत्रों की जांच की जाएगी।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में अनामिका के नाम पर कई जिलों में नौकरी करने के खुलासे होने के बाद से शिक्षा विभाग में अपरातफरी मची है। अब असली अनामिका शुक्ला के सामने आने के बाद इस बात का खुलासा हुआ है कि उसने वर्ष 2017 में जौनपुर में भी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पूर्णकालिक शिक्षक के पद पर भर्ती होने के लिए आवेदन किया था। अनामिका के दस्तावेज यहां से लीक हुए है या किसी और जिले से, जांच के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा। बीएसए ने बताया कि वर्ष 2017 में जिले में आए आवेदनों को फाइल में सुरक्षित रखा गया है। उन आवेदन की जांच का कोई आदेश ऊपर से मिलेगा तो तत्काल पड़ताल कराई जाएगी। फिलहाल अभी जिले में नौकरी कर रहे सभी शिक्षक और कर्मचारियों के शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्रों आदि की जांच की जाएगी। जांच समिति में बीईओ नगर जय कुमार यादव, धर्मापुर ब्लाक के बीईओ संजय यादव, समेकित शिक्षा की जिला समन्वयक मंजू पासवान को शामिल किया गया है।