जौनपुर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय नारकोटिक्स समन्वय पोर्टल (एनकोर्ड) की जिला स्तरीय समिति की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को की। इसमें उन्हाेंने समिति के संबंधित सदस्यों को निर्देशित किया कि अस्पतालों, विद्यालयों एवं रेलवे/बस स्टेशनों के आस-पास पान मसाला, गुटका/दोहरा बेचने वाली दुकानों की जांच करें। साथ ही इसे बेचने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने जिले के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न की जाय। सार्वजनिक एवं दूरदराज या सूनसान स्थानों पर जहां ड्रग्स की बिक्री की सम्भावना हो वहाँ पर संयुक्त टीम द्वारा सतर्क दृष्टि रखते हुए नियमित जांच करें। ड्रग्स की तस्करी एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों एवं संदिग्ध स्थानों पर संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग की जाए। ड्रग्स पीड़ित व्यक्तियों के उपचार एवं नशे की लत छुड़ाने के संबंध में अस्पतालों में व्यवस्था कराएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी राम अक्षयबर चौहान, सीआरओ अजय अम्बष्ट, जिला आबकारी अधिकारी वीपी सिंह, एसपी ग्रामीण सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहें।
अपना पक्ष रखें लेखाधिकारी नहीं तो होगी कार्रवाई
जौनपुर। जिलाधिकारी डा दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ठेकेदार कल्याण समिति के सदस्यों के साथ बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने ठेकेदारों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इसमें समिति के सदस्यों के द्वारा अवगत कराया गया कि लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड में कार्यरत लेखाधिकारी राम मिलन यादव के द्वारा लगातार कार्यों में अनियमितता बरती जा रही है। साथ ही ठेकेदारों द्वारा किये जा रहे कार्यों का समय से भुगतान नही किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने बैठक में लेखाकार राममिलन यादव के उपस्थित न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही निर्देशित किया कि मंगलवार को सुबह 11 बजे तक लेखाकार हर हाल में या तो जिलाधिकारी या फिर मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत होकर अपना पक्ष रखना सुनिश्चित करें अन्यथा की दशा में उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ साईं तेजा सीलम, परियोजना निदेशक केके पांडेय एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, ठेकेदार संघ के अध्यक्ष कुंवर आजाद सिंह, कार्यवाहक अध्यक्ष धीरज मिश्रा, महासचिव चेतन सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।