मीरगंज। उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की मछलीशहर की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने आशा बहनों के मानदेय, स्वास्थ्य सुविधाओं और जीवन बीमा जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार से आशा बहनों के मानदेय में बढ़ोतरी, उनके लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लागू करने और कार्य के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं के लिए बीमा कवर देने की मांग की। साथ ही उन्हें आने-जाने में होने वाली दिक्कत को दूर करने के लिए स्कूटी देने की भी मांग की। डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आशा बहनों ने अपनी जान की परवाह किए बिना घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाईं। इसके बावजूद, वे आज भी न्यूनतम वेतन से वंचित हैं और अस्थायी रूप से कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को आशा बहनों को स्थायी एवं सरकारी कर्मचारी का दर्जा देकर उनके वेतन में वृद्धि करनी चाहिए। अमर उजाला से फोन से बातचीत डाॅ रागिनी सोनकर ने कहा की आशा बहने सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का काम कर रही है लेकिन उनको उचित मानदेय नही मिल रहा है स्वास्थ्य मंत्री का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराकर आशा बहनों के मानदेय बढ़ाने की मांग की गयी।