बरसठी। थाना क्षेत्र के मुंगरा बरबसपुर गांव में दुर्गा पूजा देखने के बहाने प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक 20 घंटे बाद शुक्रवार की शाम लखनऊ में पाया गया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। क्षेत्र के परियत गांव निवासी तीन युवक बृहस्पतिवार की रात दुर्गा पूजा देखने मुंगरा बरबसपुर गांव पहुंचे थे। वहां एक युवक की प्रेमिका भी अपने परिजनों के साथ आई थी। परिजन जब दर्शन-पूजन में लीन हुए तो युवती अपने प्रेमी के साथ कहीं चली गई। परिजन उसे ढूंढने लगे तो कुछ देर बाद लोगों ने उसे प्रेमी के साथ पकड़ा। युवक के दोनों साथी उसे छोड़कर फरार हो गए और घर जाकर परिजनों को सूचना दी। युवक के परिजन अपहरण कर हत्या का आरोप लड़की पक्ष पर लगाने लगे। मामला गंभीर देख हरकत में आई पुलिस ने पहले तो लड़की पक्ष पर दबाव बनाया लेकिन नहीं पता चलने पर मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया। उसके आधार पर युवक को लखनऊ से बरामद किया। इस संबंध में थानाध्यक्ष श्यामदास वर्मा ने बताया कि लखनऊ से युवक को बरामद कर लिया गया है। वह पुलिस हिरासत में है। यहां आने के बाद पूरी जानकारी मिल पाएगी।