जौनपुर। वसूली और लूट कांड के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी सुरेरी के निलंबित थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने सोमवार की दोपहर 12:30 बजे सीजेएम अनुज कुमार जौहर की कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया। सीजेएम ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी दिव्य प्रकाश सिंह को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया। जिला जेल में उन्हें बैरक नंबर दस में रखा गया है। मामले की जांच कर रही एसआईटी न्यायालय से अनुमति लेकर उनसे पूछताछ करेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी इसी मामले में केराकत के पहाड़ी पट्टी निवासी सगे भाई संकीत सिंह और विकास सिंह ने बीते बुधवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। वहीं, सुरेरी थाने के आरक्षी सत्येंद्र गौड़ और विष्णु सिंह निलंबित किए जाने के बाद गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इसी मामले में सुरेरी थाना क्षेत्र के देहुआ गांव राज नारायण गिरी भी आरोपी बनाए गए हैं।