जौनपुर/रामनगर। रामनगर विकास खंड के दमोदरा गांव में गुरुवार को दुबई से घर आए युवक के कोरोना से पीड़ित होने की आशंका से बखेड़ा खड़ा हो गया। सूचना पर जिला अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने गांव में जाकर जांच की। स्वाब लेकर जांच के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान भेजा।
मनोज कुमार सिंह (26) दुबई में रहते हैं। वह गुरुवार की शाम दुबई से बाबातपुर एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से घर आ गए। मुंह पर मास्क लागाकर घर पहुंचे युवक को देखते ही गांव में सुगबुगाहट होने लगी। लोग कोरोना पीड़ित होने की आशंका जताने लगे। किसी ने इसकी सूचना मुख्य चिकित्साधिकारी को दे दी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रामजी पांडेय ने जिला अस्पताल के पैथोलॉजिस्ट डॉ शयनदास और डॉ जियाउल हक की टीम को मौके पर भेज दिया। चिकित्सकों ने रात आठ बजे जाकर जांच की। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अनिल शर्मा ने बताया कि दमोदरा गांव में दुबई से आए युवक में कोरोना का संदेह की सूचना पर जांच टीम भेजी गई थी। टीम ने नमूना ले लिए हैं, तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट आएगी तभी कुछ कहा जा सकता है। मनोज सिंह ने बताया कि वह जब एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उनकी चार बार जांच की गई। उनका तापमान सामान्य मिला। अगर एसी कोई बात होती तो वे लोग वहां मुझे रोक सकते थे लेकिन मुझे तो आने दिया गया। कोरोना होने की अफवाह कैसे फैली, इसका उनको पता नहीं।