सिंगरामऊ। थाना क्षेत्र के कुमारपट्टी गांव में शुक्रवार की रात नौंवी के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी मूलचंद्र मिश्र का पुत्र हनी (14) राजा हरपाल सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा-9 का छात्र था। शुक्रवार की शाम वह कहीं से आया और अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद घरवाले खाना खाने के लिए उसे बुलाने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी कोई उत्तर न मिलने पर धक्का देकर दरवाजा खोला तो अंदर हनी जमीन पर मुंह के बल पर गिरा हुआ था। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक हनी की कुछ दिनों से मानसिक स्थित ठीक नहीं चल रही थी। उसका इलाज चल रहा था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस परिजनों से पूछताछ के बाद शव को थाने लाकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।