जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए जिलेभर में योग शिविर का आयोजन किया गया। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के अलावा नगर के लोहिया पार्क, पुलिस लाइन व मेडिकल काॅलेज परिसर में योग शिविर का आयोजन कर सभी को योग से होने वाले लाभ के बारे में बताया गया। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने का आग्रह किया गया। रन फार योग एवं नशा मुक्त भारत पर हाफ मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया। आयोजक डॉ. विनय वर्मा रहे।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मुक्तांगन परिसर में प्रशिक्षक जय सिंह गहलोत एवं सहायक प्रशिक्षक विकास सिंह ने सूर्य नमस्कार के 12 आसनों का अभ्यास कराया। योगाभ्यास में शिक्षक, कर्मचारियों विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जय सिंह गहलोत ने कहा कि सूर्य नमस्कार से ह्रदय, यकृत, आंत, पेट, छाती, गला, पैर, शरीर के सभी अंगों को बेहतर लाभ पहुंचाता है। सूर्य नमस्कार सिर से लेकर पैर तक शरीर के सभी अंगों को फिट रखता है। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार के अभ्यास से शरीर मन और आत्मा सबल होते हैं। पृथ्वी पर सूर्य के बिना जीवन संभव नहीं है। सूर्य नमस्कार से शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक और मनोवैज्ञानिक लाभ होते हैं। इस मौके पर परीक्षा नियंत्रक वीएन सिंह, उपकुलसचिव अमृतलाल, बबिता सिंह, डॉ. राजबहादुर यादव, डॉ. मनोज कुमार पांडेय, डॉ. विवेक पांडेय ने प्रतिभाग किया।
पुलिस लाइन में प्रतिसार निरीक्षक और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉक्टर कमल ने दीप प्रज्ज्वलित शिविर का शुभारंभ किया। अचल हरीमूर्ति ने योग का अभ्यास कराते हुए ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन और त्रिकोणासनों को कराया। डॉ.कमल, प्रतिसार निरीक्षक अनुपम यादव, अरविंद यादव , विकास यादव, दीपक श्रीवास्तव मौजूद रहे।