जौनपुर। जहां ककहरा सीखा वहीं बुधवार को सम्मान पाया। जीवन सफर की दास्तान सुनाई। मन रोमांच से भर गया। जिले के सभी विद्यालयों में आयोजित पुरातन छात्र सम्मेलनों में ऐसे अवसर बार-बार आए। इस दौरान 7769 पुरातन छात्रों को सम्मानित किया गया।
जिले के 1957 परिषदीय विद्यालयों में पुरातन छात्र समारोह का आयोजन किया गया। सभी विद्यालयों ने अपने पुरातन छात्रों को बुलाया और उन्हें सम्मानित किया। उनके अनुभव सुने। सम्मान पाकर गदगद पुरातन छात्रों ने कहा कि उनके लिए इससे बड़े गौरव का दिन क्या हो सकता है कि उन्हें उनका वह स्कूल याद करे, जहां उन्होंने अक्षर चीन्हना सीखा। यहीं से मिले शिक्षा के बीज मंत्र की बदौलत वे अपने क्षेत्र की बुलंदियों तक पहुंचे। छात्रों को अपने जीवन की व्यथा, कथा और सफलता सुनाते समय पुरनिये कई बार भावुक हुए और कई बार रोमांचित। समारोह में विधायक, चिकित्सक, अभियंता, अफसर, उद्यमी, किसान, अधिवक्ता आदि विभिन्न व्यवसाय से जुड़े लोग शामिल हुए। उन्होेंने कहा कि आज अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के प्रति भले ही आकर्षण बढ़ा हो लेकिन उन्हें इन्हीं विद्यालयों ने संवारा है।
खुटहन में जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
खुटहन/सुईथाकला। कंपोजिट विद्यालय शेरपुर में जिलाधिकारी ने शिक्षक, अभियंता, आपूर्ति अधिकारी बनकर सेवा दे रहे अभय राज गौतम, राममूर्ति मौर्य, भगवानदास वर्मा, गजेंद्र, जवाहर लाल बिंद, चंद्रकांत तिवारी, राम उजागिर यादव, माता प्रसाद बिंद, अभयराज पाल, त्रिजुगीनाथ तिवारी, रामपदारथ यादव, रामचंदर यादव को सम्मानित किया। परिषदीय विद्यालय जमुनियां, खुटहन, शहाबुद्दीनपुर, बिशुनपुर, गभिरन, सौरइया, कपसिया, पिलकिछा स्कूलों में भी सम्मान समारोह हुए। सुईथाकला के माध्यमिक विद्यालय सवायन में पूर्व जिला पंचायत सदस्य राकेश वर्मा, प्रधान ललित दीक्षित, अध्यापक वीरेंद्र कुमार सिंह व घनश्याम सिंह को डीएम ने सम्मानित किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय विद्यालय सुईथाकला में अध्यापक राम सन्मुख तिवारी, प्रबंधक सुरेश चंद्र पांडेय, पूर्व प्राचार्य रामकिशोर वर्मा, पूर्व ब्लाक प्रमुख मिथिलेश यादव, दिनेश कुमार सिंह व प्रवक्ता अशोक यादव का अभिनंदन किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सम्मानित
सिकरारा। सिकरारा के प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव समेत कई पुरातन छात्रों को सम्मानित किया गया। धर्मापुर विकास खंड के सरैयां के प्राथमिक विद्यालय में बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने अवर अभियंता वशिष्ठ नारायण तिवारी, शिक्षक सचेंद्र नारायण तिवारी, अखिलेश यादव, इंजीनियर नीरज राय, राम दीन मौर्य को सम्मानित किया। बीईओ संजय यादव ने बताया कि ब्लाक में 217 लोगों को सम्मानित किया गया। करंजाकला के कंपोजिट विद्यालय नदियापरा में पूर्व प्रधानाचार्य राम आसरे यादव को प्रधानाध्यापिका चंद्र कला सिंह ने सम्मानित किया। प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर गौर में प्रधानाध्यापिका इशरत फात्मा ने सहायक अध्यापक इंदुप्रकाश यादव को प्रशस्ति पत्र दिया। प्राथमिक विद्यालय औरही में पढ़ाई कर रेलवे से रिटायर्ड रामदेव समेत पांच को लोगों सम्मानित किया गया।
पुराने दोस्त मिले तो खिल गईं बाछें
केराकत क्षेत्र के मुरारा में हुए समारोह में लालजी सिंह, देवराज सिंह, रामचंद्र चौरतसिया, बरखा राज सरोज, दशरथ वर्मा, सेचूराम गुप्ता, बंगाली राम, शांता राम सरोज को सम्मानित किया गया। मीरगंज के ग्राम पंचायत अदारी के अभिनव प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय अदारी में शिक्षक अवधेश प्रताप सिंह, डॉ ओंकारनाथ तिवारी, प्रदीप तिवारी, शिवशंकर यादव को सम्मानित किया गया। बरसठी में ग्राम प्रधान गायत्री देवी की अध्यक्षता में हुए समारोह में प्रधानाध्यापक अश्वनी कुमार सिंह ने चंदा देवी को सम्मानित किया गया। बदलापुर ब्लाक के 95 विद्यालयों के 185 पुरातन छात्रों का सम्मान किया गया। मुंगराबादशाहपुर के कंपोजिट विद्यालय गरियांव, सिरकोनी ब्लाक के हुसेपुर, सुरेरी के भानपुर, सुरेरी, पाल्हनपुर, पटैला, आड़ियार, बक्शा के कर्तिहां, कौली समेत, गोपालापुर, चुरावनपुर, हयातगंज, डोभी विकासखंड के हरिहरपुर, थून्हीं, हरदत्तपुर, मछलीशहर के कंपोजिट विद्यालय छो, खेतासराय के प्राथमिक विद्यालय रानीमऊ, गभिरन के प्राथमिक विद्यालय बेलसड़ी, सुजानगंज के प्राथमिक विद्यालय भुईधरा, मड़ियाहूं के प्राथमिक विद्यालय किशुनपुर में भी भव्य आयोजन हुए।