टीडी कालेज अनियमितता व भ्रष्टाचार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते टीडी कालेज के छात्र नेता।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। टीडी कालेज में अनियमितता और एकाउंटेंट पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्र नेताओं का आरोप है कि कुछ बाहरी छात्र प्रशासन की मिलीभगत से कार्यालय के अंदर घुसकर अन्य छात्रों की फीस जमा करते है। जबकि कालेज के छात्र कड़ी धूप में कतारबद्ध होकर फीस जमा करने का इंतजार करतें है। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महाविद्यालय के प्रवेश द्वार को बन्द कर हंगामा किया। छात्रों का बवाल बढ़ता देख अनुशास्ता मंडल व थानाध्यक्ष लाइन बाजार भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। हंगामा कर छात्र नेताओ को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। छात्र नेता विशाल सिंह ने कहा कि छात्र सुबह से भूखे प्यासे होकर अपने नम्बर का इंतजार करता है। कॉलेज प्रशासन के कुछ चाटुकार प्रशासन की मिलीभगत से छात्रों के साथ अन्याय करते हैं। जो कि उचित नहीं है। छात्र नेता उद्देश्य सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में ऐसी घटना पहली बार नहीं हुई है। ऐसी घटना प्रशासन की मिलीभगत से लगातार होती रहती है। मगर कालेज प्रशासन इसको लेकर भी गंभीर नहीं है। छात्र नेता शाश्वत सिंह ने कहा कि प्रशासन भ्रष्टाचार में लिप्त है। उसे छात्रों के हित से कोई मतलब नहीं है। छात्र नेता कौतुक उपाध्याय ने कहा कि छात्रों का अहित किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर छात्र नेता अभिषेक ,प्रिंस जैसवार,शुभम सिंह, अंश सिंह, सौरभ यादव,गोपी यादव, अंकित, ऋषभ सिंह, पवन पांडेय, शिवम् सिंह, बद्रीनाथ आदि उपस्थित रहे।