बरईपार बाजार में सड़क पर बने गहरे गड्ढे के विरोध में प्रदर्शन करते छात्र व स्थानीय लोग। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
बरईपार। तहसील क्षेत्र के बरईपार चौराहे की टूटी सड़क की मरम्मत के लिए छात्रों व बाजारवासियों ने शुक्रवार को भी विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि यदि जल्द सड़क नहीं बनी तो आंदोलन तेज करेंगे।
छात्रों ने कहा कि जब तक बरईपार-सुजानगंज रोड, बरईपार मुख्य चौराहा की सड़क नहीं बन जाती तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। सड़क को लेकर प्रदर्शन कर रहे बाजार वासियों ने बताया कि बरईपार चौराहा, बरईपार- मछलीशहर मार्ग, बरईपार-सुजानगंज मार्ग पर सड़क दो-दो फीट के गड्ढे हो गए हैं। उनमें बाइक सवार सहित साइकिल सवार भी गिरकर घायल हो जाते हैं। सड़क काफी नीचे होने व नाली नहीं होने के कारण थोड़ी सी बरसात में पानी भर जाता है। सड़क पर हर समय पानी होने से बाजार का रोजगार चौपट हो चुका है। बड़ी गाड़ियों के आने-जाने से दुकानों पर छींटे पड़ते हैं। स्कूली छात्रों के यूनिफार्म खराब हो जाते हैं। प्रदर्शन के दौरान धर्मेंद्र कुमार पाठक, सुरेंद्र कुमार, दिनेश कुमार यादव, कृष्ण कुमार जयसवाल, बिंदु जायसवाल, ओम प्रकाश यादव, सोनू जायसवाल आदि मौजूद थे।