डोभी। छात्र को गोली मारने के आरोप में चंदवक पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद रविवार सुबह हरिहरपुर बलुआ विजयीपुर मार्ग से तीन नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त बाइक व असलहा बरामद कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक वर्चस्व की लड़ाई में घटना को अंजाम दिया गया था। चंदवक थाना क्षेत्र के बोड़सर खुर्द निवासी 11 वीं के कामर्स के छात्र आदर्श कुमार सिंह(17) पुत्र देवेंद्र सिंह को बीते शुक्रवार को काॅलेज के बाहर गोली मारी गई थी। वाराणसी ट्रामा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है। आदर्श की मां अनीता सिंह की तहरीर पर तीन नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था। एडिशनल एसपी सिटी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि चंदवक पुलिस व एसओजी ने संयुक्त होकर तीन अलग-अलग टीम बनाकर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज व साक्ष्य के आधार पर हरिहरपुर बलुआ विजयीपुर मार्ग पर रविवार सुबह 11 बजे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में अभिषेक सिंह बोड़सर खुर्द, विशाल कुमार(18) निवासी विहद्दर थाना चंदवक व तीन बाल अपचारी शामिल हैं। गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देसी तमंचा और बाइक बरामद कर ली गई। कॉलेज में वर्चस्व की लड़ाई में घटना को अंजाम दिया गया था।
-