बक्शा। अयोध्या धाम से काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए जा रही टूरिस्ट बस शनिवार की रात ढाई बजे राजमार्ग पर नौपेड़वा बाजार के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गई। हादसे में 18 दर्शनार्थी घायल हो गए। घटना का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। एंबुलेंस से सभी घायलों को नौपेड़वा सीएचसी अस्पताल ले जाया गया। पांच की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
छत्तीसगढ़ के बसना थाना, ब्लॉक सरईपाली व पिथौरा ब्लॉक के अलावा बड़ौदा बाजार के 52 श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस 27 जनवरी को प्रयागराज स्नान के लिए निकली थी। श्रद्धालु वहां स्नान करने के बाद अयोध्या धाम पहुंचे थे। वहां रामलला के दर्शन कर बस शनिवार दोपहर 1 बजे काशी विश्वनाथ धाम के लिए निकली। बस यात्री घायल आशा कार्यकर्ता व गांव की सरपंच सफेदबाई पटेल ने बताया कि रास्ते में भीषण जाम के बीच रात में बस नौपेड़वा बाजार के पास पहुंची थी। अधिकांश दर्शनार्थी सो रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज सुनाई दी। पता चला कि बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गई। बस में चीख पुकार मच गयी। बस चालक को झपकी आने से शायद हादसा हुआ।। पीछे से आ रहे वाहन सवार लोगों ने फोन से एंबुलेंस बुलाई। सभी घायलों को नौपेड़वा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां मौजूद अधीक्षक डॉ. जीके सिंह व ड्यूटी पर मौजूद डॉ. रमाकांत यादव ने इलाज शुरू किया। चिकित्सक द्वारा गंभीर रूप से घायल भानुमती (40), कान्हा साहू ( 25), गोपकांत (60), जोराबाई (60), जोरा (57) को जिला अस्पताल भेज दिया गया। मामूली रूप से 10 घायलों का इलाज अस्पताल में ही किया गया। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि बस ड्राइवर को झपकी आ जाने से दुर्घटना हुई है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। अन्य श्रद्धालुओं को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।