जफराबाद। जलालपुर थाना क्षेत्र के बहरीपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात बीएससी के छात्र की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी ओंकार सरोज का पुत्र सुजीत कुमार (19) बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। बृहस्पतिवार की शाम खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने गया। शुक्रवार की देर तक जब बाहर नहीं आया तो परिवार के लोग उसे जगाने पहुंचे। काफी देर तक आवाज लगाने पर भी कोई उत्तर नहीं मिला तो दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे। कमरे में सुजीत मृत पड़ा था। उसे गले में फंदा बंधा था। आशंका जताई जा रही है कि वह हुक से लटका हुआ था। उसके मौत के बाद हुक टूट गया और वह नीचे गिर गया होगा। परिजनों के मुताबिक कुछ माह पूर्व से पिता ओंकार की तबीयत खराब चल रही थी। इसे लेकर सुजीत काफी परेशान था। वह कई दिनों से पिता पर दवा करवाने के लिए दबाव बना रहा था, मगर महामारी थमने के बाद अस्पताल चलने की बात कह ओंकार टाल रहे थे। इससे सुजीत क्षुब्ध था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।