बक्सा। क्षेत्र के जौनपुर-रायबरेली राजमार्ग पर रविवार को फतेहगंज बाजार के बढ़ौना मोड़ के पास अनियंत्रित होकर चावल लदा ट्रक पलटने से घायल एक और छात्र की सोमवार को मौत हो गई।
क्षेत्र के सरायरैचंद बक्सा निवासी नितेश गौड़ (15) पुत्र इंद्रजीत जो रविवार को ट्रक दुर्घटना में घायल हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए थे। हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। देर रात परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। नितेश के पिता इंद्रजीत गौड़ ठेले पर गन्ने का जूस बेचकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। नितेश कक्षा नौंवीं का छात्र था। पांच भाई-बहन में सबसे बड़ा था। थानाध्यक्ष बक्सा मनोज सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।