खुटहन क्षेत्र के मेढ़ा गांव में युवक द्वारा गोली मारकर आत्महत्या करने के बाद घटनस्थल की जांच करत?
- फोटो : JAUNPUR
खुटहन। थाना क्षेत्र के मेढ़ा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर में एक युवक अपने घर में अंदर से कमरे का दरवाजा बंद कर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों की माने तो युवक किसी बात को लेकर तनावग्रस्त था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके कमरे से पुलिस ने तमंचा बरामद कर लिया है। मेढ़ा गांव निवासी दीपक दूबे (26) पुत्र बबलू बीते जिला पंचायत चुनाव में सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गया था। दो भाइयों में दीपक बड़ा था। वह चुनाव हारने के बाद बड़ोदरा गुजरात कमाने चला गया। वहां से दस दिन पहले ही घर आया था। जैसा कि परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि जब से वह गुजरात से आया था तब से थोड़ा गुमसुम रहता था। ऐसा लगता था कि मन में कुछ चल रहा है। हालांकि वह किस बात को लेकर परेशान था यह परिवार को भी पता नहीं था। इसी बीच बृहस्पतिवार की दोपहर में पिता-पुत्र को कहीं जाना था, लेकिन किसी कारण से पिता चले गए, लेकिन दीपक नहीं गया। करीब एक घंटा बीतने के बाद दीपक कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। परिवार के लोगों ने सोचा कि वह आराम कर रहा होगा। लेकिन कुछ देर के बाद जब गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो परिवार के लोग दौड़ते हुए कमरे की ओर गए। दरवाजा बंद था तो किसी तरह से तोड़ा गया। अंदर दीपक खून से लथपथ फर्श पर गिरा था। उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कनपटी में सटाकर खुद को गोली मार ली थी। खुटहन थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे ने बताया कि युवक कुछ दिनों से अवसाद में था। उन्होंने दोपहर में खुद को गोली मार ली। तमंचा बरामद किया गया है। मामले की और जांच की जा रही है।