करंजाकला ब्लाक के आदमपुर अकबर बूथ पर गुरुवार को पुलिस के लाठी भांजने के बाद पहुंचे एसपी से राज्यमंत्री जगदीश सोनकर की नोकझोंक हो गई। डीएम ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली। गुस्साए लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया,
लेकिन राज्यमंत्री ने समझा-बुझाकर मतदान शुरू कराया। आदमपुर अकबर में मतदान केंद्र एक मदरसे में बनाया गया था। मतदान केंद्र से 50 से 70 मीटर दूरी पर लोगों का आवास है। एक व्यक्ति के आवास पर सैकड़ों लोग बैठे थे। बूथ पर
गए पुलिस अधिकारियों ने उन लोगों को लाठियां भांज कर खदेड़ दिया। इस कार्रवाई में तारिक, शंभू समेत कई युवकों को चोटें आईं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने घर में घुसकर पिटाई की। इसके बाद लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर
दिया। सूचना पर डीएम भानुचंद्र गोस्वामी एसपी राजू बाबू के साथ पहुंचे। राज्यमंत्री जगदीश सोनकर भी पहुंच गए।
लोगों ने राज्यमंत्री से पुलिस की शिकायत की और घायलों को उनके सामने खड़ा कर दिया। इसी को लेकर एसपी से
राज्यमंत्री की नोकझोंक हुई। लोगों का कहना है कि एसपी ने कहा कि आप लोग ऐसा न करें कि सभी के खिलाफ बूथ कैप्चरिंग का केस दर्ज कराना पड़े। डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने किसी तरह स्थिति संभाली। अधिकारियों के जाने के बाद राज्यमंत्री ने समझा-बुझाकर मतदान शुरू करवाया।