जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने बृहस्पतिवार को नवनिर्मित बदलापुर बस स्टेशन और पीली नदी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डीपो इंचार्ज को निर्देश दिया कि बस स्टेशन से जल्द से जल्द बसों का संचालन शुरू कराएं। निरीक्षण में उन्होंने पाया कि बस स्टेशन के लोकार्पण कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद भी अभी तक बस स्टेशन से बसों का संचालन नही हो रहा है। इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्टेशन इंचार्ज को निर्देशित किया कि बस स्टेशन को क्रियाशील करते हुए शीघ्र बसों का संचालन शुरु कराएं। उन्होंने कहा कि बदलापुर के इस आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बस स्टेशन का लोकार्पण हो चुका है। किंतु संचालन नहीं किया जा रहा है यह अत्यंत खेदजनक है। अगर जल्द ही बसों का संचालन शुरु नहीं हुआ तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने पीली नदी पर हो रहे खोदाई के कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खोदाई के कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी लेते हुए वहां मौजूद श्रमिकों, जेसीबी संचालकों में मिष्ठान वितरित करते हुए उनके मनोबल को बढ़ाया तथा उनके कार्यों की सराहना की। कहा कि पीली नदी को जीवंत करने के इस पुनीत कार्य में आप सभी का प्रयास बेहद सराहनीय है। इस दौरान जिलाधिकारी ने पोकलैंड चालकों को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित भी किया। संवाद