मीरगंज। डीआरएम उतर रेलवे सुनील वर्मा ने बृहस्पतिवार को जंघई और जफराबाद जंक्शन व मड़ियाहूं स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। धीमी गति कार्य होने पर संबंधितों को फटकार लगाई। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील वर्मा ने जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शाम छह बजे विशेष सैलून से प्लेट फार्म नंबर तीन पर उतरे। उन्होंने फुट ओवर ब्रिज पर चढ़कर प्लेटफार्म नंबर चार और पांच का निरीक्षण किया। ओवर ब्रिज से ही प्लेट फार्म नंबर एक और सर्कुलेटिंग एरिया को देखा। फिर वापस अपने विशेष सैलून में बैठ गए, स्टेशन के ओवर ब्रिज पर लगभग पांच मिनट तक खडे होकर स्टेशन अधीक्षक व अन्य कर्मियों से बातचीत करके स्टेशन के विकास कार्य का जायजा लिया। इस दौरान पुराने पावर हाउस को हटाकर नये भवन में शिफ्ट करने का निर्देश दिया। जंघई स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 28 करोड़ का बजट दो साल पहले पास हुआ है, लेकिन कार्य में गति नहीं पकड़ पाया है जिसमें फुट ओवर ब्रिज, सुलभ शौचालय, आरक्षण काउंटर, नई एंट्री गेट, सौन्दर्यीकरण का कार्य होना था जो अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इन सभी कार्य को शुरू कराने के लिए डीआरएम सुनील वर्मा ने सीनीयर डीसीएम कुलदीप तिवारी को निर्देश दिया है। इसके बाद मड़ियाहूं स्टेशन और जफराबाद जंक्शन का निरीक्षण किया। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर आलोक तिवारी, जीआरपी प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा, वाणिज्यिक निरीक्षक आनन्द श्रीवास्तव मौजूद रहे।