सिरकोनी बाजार में शनिवार को खड़ी ट्रक में कार घुसने से दंपती और बेटे की मौत के बाद मौक पर जुटी भीड़ ।
वाराणसी-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी बाजार के पास शनिवार को लखनऊ की ओर जा रही कार खड़े ट्रक में घुस गई। कार में सवार पति-पत्नी और बेटे की मौत हो गई।
हादसे में एक बेटा और एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ऊ गांव निवासी रामायण राम (47) विधानसभा लखनऊ में हेड कांस्टेबिल, सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात थे।
वह छुट्टी लेकर घर आए थे। शनिवार को अपनी सेंट्रो कार से पत्नी और बच्चों के साथ लखनऊ जा रहे थे। शाम को करीब 4:30 बजे सिरकोनी बाजार के पास पहुंचे थे तभी कार सड़क किनारे पहले से खड़े ट्रक में घुस गई।
कार चला रहे रामायण राम (47), उनकी पत्नी शीला (45), बेटा छोटू (20) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पुत्री बेटू (17), और बेटा बाबू (6) घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत नाजुक बताई गई है।
मृतकों के शव पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उनके पास से मिले पहचान पत्र और डायरी से शिनाख्त होने के बाद घर वालों को सूचना दी गई। सूचना पाकर परिवार के लोग भी जलालपुर थाने पहुंच गए। जहां एक साथ एक ही परिवार के तीन शव देख कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।