07- सीएमओ कार्यालय से निकाली संचारी रोग नियंत्रण रैली मे शामिल सफाई कर्मचारी।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। संक्रमक रोगों से बचाव और जागरूकता के लिए बुधवार को जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। सीएमओ कार्यालय परिसर से विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। यह अभियान एक से शुरू होकर 31 जुलाई तक चलेगा। अभियान के दौरान पूरे जिले में सफाई आभियान चलाने के साथ जलभराव वाले इलाकों में दवा का झिड़काव किया जाएगा। इस दौरान प्रचार वाहन के साथ रैली निकाल कर सभी को संचारी रोग के प्रति जागरूक किया गया। रैली कलेक्ट्रेट पहुंचकर समाप्त हु ई।
विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार स्वच्छता पर विशेष ध्यान दे रही है। साफ सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने और शुद्ध पेयजल उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि अभियान के तहत सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विभिन्न विभागों के सहयोग से जनपद को स्वच्छ एवं संचारी रोग से मुक्त कराने का प्रयास किया जाएगा। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में किया है। जिसका सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना विभाग की एलईडी वैन के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में सफाई कर्मी, फागिंग मशीन, स्वच्छता मिशन की प्रचार गाड़ी, पशुपालन विभाग के सचल दल वाहन, नगर निगम की डोजर मशीन, कूड़ा उठाने वाला ट्रैक्टर तथा छिड़काव मशीन शामिल थी। इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डा.वीपी सिंह, सफाई निरीक्षक हरिश्चंद्र यादव आदि उपस्थित रहे।