जौनपुर। मंगलवार की रात में हुई बारिश से आधे शहर की बिजली आपूर्ति बाधित रही। कारण कहीं इंसुलेटर व इनकमिंग पैनल खराब होने से तो कहीं तार टूटने और ट्रांसफार्मर जलने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। बत्ती गुल होने से गर्मी व उमस से लोग परेशान रहे। उन्हें रतजगा करने को विवश हुए। वहीं बुधवार की सुबह भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हुई। दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
बारिश होने से नईगंज फीडर के कंट्रोल रुम का इनकमिंग पैनल में कार्बन आ गया था। इससे सिटी स्टेशन, पालिटेक्निक, कटघरा, तारापुर कालोनी, सहकारी कॉलोनी, कलीचाबाद, उमरपुर, रुहट्टा, परमानतपुर सहित लगभग 20 मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसके अलावां फीडर नंबर दो पर वन विहार रोड पर पेड़ की डाली गिरने से रात में डेढ़ बजे तार टूट गया। जिससे साढ़े आठ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान वाजिदपुर, यूपी सिंह कालोनी, चांदमारी आदि मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। चौकिया व वर्ल्ड बैंक फीडर पर आकाशीय बिजली गिरने से चार इंसुलेटर खराब हो गए थे। जिसे सुबह 10 बजे बनाकर बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इस दौरान चौकिया व वर्ल्ड बैंक फीडर का पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। वहीं भगौती कालोनी में ट्रांसफार्मर जलने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। जिससे लोग रातभर सो नहीं पाए। लोग जाग कर रात गुजारने को विवश हुए। गर्मी व उमस से भी लोग बेहाल रहे। बुधवार की सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोग दैनिक दिनचर्या का काम भी नहीं कर पाये। बिना स्नान किये लोग आफिस व अपने कामों पर गये। लोगों ने उस समय राहत महसूस किया जब ढ़ाई बजे दिन में बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
- बारिश के कारण कहीं इनकमिंग पैनल में खराबी व इंसुलेटर पंक्चर होने से तो कही पेड़ गिरने से तार टूटने से और ट्रांसफार्मर जलने से तकरीबन आधे शहर की बिजली आपूर्ति बाधित रही। बुधवार को सुबह ढ़ाई बजे तक ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। -नजम अहमद, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड तृतीय