समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ई-रिक्शा चलाने वाली मां को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। यह सहायता राशि अखिलेश यादव ने महिला को लखनऊ बुलाकर दिया। अखिलेश के हाथों एक लाख रुपये का चेक प्राप्त करने के बाद महिला खुश है।
मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली गायत्री देवी जौनपुर में अपनी बहन के घर कुछ वर्ष पहले आईं थीं। बहन और बहनोई की माली हालत ठीक न होने कारण उसने किराए पर ई-रिक्शा लेकर चलाना शुरू कर दिया। नगरवासियों ने पहली बार शहर में किसी महिला को ई-रिक्शा चलाते देखा तो चर्चा का विषय बन गया। गायत्री ई-रिक्शा चलाकर अपना पेट पाल रही है। साथ में बीआरपी इंटर कॉलेज में पढ़ाई कर रही उसकी बेटी श्रेया यादव का सपना है कि वह डॉक्टर बनकर गरीब मरीजों की सेवा करे। उसकी पढ़ाई का खर्च भी महिला ई-रिक्शा चलाकर निकाल रही है। यह बात सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तक पहुंची तो उन्होंने उसकी सहायता करने का निश्चय किया। शुक्रवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर बुलाकर उसे एक लाख रुपये का चेक दिया गया।