जौनपुर। विधानसभा के बीते बजट सत्र में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं व विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसमें विपक्ष के विधायकों ने जहां सरकार को अपराध व कानून व्यवस्था पर घेरते हुए क्षेत्र में विकास कराने की मांग की तो सत्ता पक्ष के विधायकों ने याची के तौर पर सरकार से अपने क्षेत्र में और विकास कराने की मांग की। इस बजट सत्र में कुछ विधायकों को जहां सवाल करने का मौका मिला तो कुछ का नंबर ही नहीं आया।
मल्हनी विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक लकी यादव ने नियम 51 के तहत सवाल तो लगाया लेकिन उनको बोलने का मौका नहीं मिला। इसमें उन्होंने प्रमुख रूप से सवाल किया था कि वह लालाबाजार से करंजाकला तक 16 किमी मार्ग समेत 25 जर्जर सड़कें, नौपेड़वा बाजार में रोडवेज स्टैंड, सई नदी पर हजोशी से सिकंदरा पर, गोमती नदी पर सड़ेरी से बैजारामपुर तक पुल की मांग की थी।
मुंगराबादशाहपुर : सपा विधायक पंकज पटेल ने विधानसभा सत्र में कुल चार प्रश्न पूछे। ग्राम सभाओं का बजट बढ़ाया जाए। मजदूरों का मौजूदा हाल उनकी बेबसी पर सरकार से सवाल था। पॉलिथीन से होने वाले नुकसान और उस पर पूर्णतया बैन करने की मांग। बिजली और रोज-रोज ट्रांसफार्मर जलने को लेकर सरकार से सवाल था।
मछलीशहर : सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने विधान सभा सत्र के दौरान विभिन्न मुद्दों पर कुल सात प्रश्न पूछा। इसमें कानून व्यवस्था, बिजली का मुद्दा, मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं के अभाव, मेडिकल कॉलेज में नियुक्ति में आरक्षण की अनदेखी सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई थी।-
केराकत से सपा विधायक तूफानी सरोज ने दो सवाल किए। उन्होंने मीरगंज के अदारी गांव के किसान विशुन पाल की हत्या का मामला, काशी द्वार में किसानों की जमीन न लेने की मांग, महंगाई कम करने व रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा गेंहू खरीद 60 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य के सापेक्ष तीन लाख 63 हजार टन हुआ है। कम होने का कारण पूछा।
धर्मापुर : जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के सुभासपा विधायक जगदीश नारायण राय ने चार सवाल विधानसभा सत्र पूछा। मुख्य रूप से जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़क की रिपेयरिंग, नई सड़कों का निर्माण कार्य, स्वास्थ्य विभाग संबंधी व क्षेत्र में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों व मंदिरों पर सुंदरीकरण का मुद्दा उठाया।
शाहगंज : विधायक रमेश सिंह ने कुल चार सवाल किए। उन्होंने शुगर मिल चलाने के संदर्भ में, पिलकिछा से होकर पट्टीनरेंद्रपुर जाने वाली एमडीआर सड़क के बारे में जानकारी ली, फायर एकेडमी की स्थापना व आश्रम पद्धति महाविद्यालय बनाने का निवेदन किया।
सुरेरी : मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के अपना दल एस के विधायक डॉक्टर आर के पटेल ने विधानसभा सत्र के दौरान कुल आठ प्रश्न किया। इसमें मुख्य रूप से मड़ियाहूं में बिजली सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने, राजकीय कन्या महाविद्यालय बनवाने, मड़ियाहूं बाईपास पर ओवरब्रिज, मड़ियाहूं सीएससी पर अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था करने की मांग की।
बदलापुर : भाजपा विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने कुल आठ प्रश्न पूछा। उन्होंने चौकीदारों को सरकारी दर्जा, जिला पंचायत से बनाई गई जीर्ण-शीर्ण सड़कों की मरम्मत, बेसार में स्पोर्ट्स कालेज, हरिहरपुर में औद्योगिक केंद्र, प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं उच्चीकरण कराए जाने, जर्जर विद्यालयों में भवन बनाने आदि पर सवाल किया।