खुटहन। थाना क्षेत्र के बड़सरा गांव में जमीन के विवाद को लेकर गोली मार अधेड़ की हत्या के मामले में वारदात के दूसरे दिन बुधवार को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मौके पर खुद पहुंच जांच की। इस दौरान हत्याकांड के बारे जानकारी हासिल किया। उन्होने मृतक के पिता तथा आस पास के लोगों से घटना को लेकर चर्चा किया। घटना के तुरंत बाद मुख्य हत्यारोपित सहित तीन की गिरफ्तारी पर उन्होंने संतुष्टि जताई।
बड़सरा गांव निवासी श्यामनारायण तिवारी और कृष्ण दत्त तिवारी के बीच भूमि का विवाद चला आ रहा था। गत मंगलवार की सुबह श्यामनारायण के पुत्र राजेश (52) ने उक्त जमीन को ट्रैक्टर बुलाकर जोताई कराने लगे। जिसके बाद कृष्ण दत्त का पुत्र सोनू अवैध असलहे से राजेश को निशाना बनाकर फायर कर दिया। गोली राजेश के सीने में लगी। उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में राजेश ने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुँची पुलिस मुख्य आरोपित सोनू, कृष्ण दत्त, और राजेंद्र को हिरासत में ले लिया था। जिन्हें आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद बुधवार को जेल भेज दिया गया।