जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियावां में सपा बूथ अध्यक्ष राजेश यादव नाटे की धारदार हथियार से हत्या के मामले के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई। इसमें चापड़ से गले पर वार करने की पुष्टि हुई। इसमें पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत मुखबिर को गिरफ्तार कर चुकी है। हथियार भी बरामद किया जा चुका है। हालांकि नामजद पिता-पुत्र अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। तीन मार्च की रात परियावां गांव में सपा के बूथ अध्यक्ष राजेश यादव की गांव में ही धारदार हथियार से वारकर हत्या की गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने उसी रात मुख्य आरोपी राहुल यादव, भाई राय साहब यादव, पिता उदयराज यादव निवासी परियावां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। लाइन बाजार पुलिस मामले का खुलासा करते हुए मंगलवार की रात मुख्य आरोपी राहुल यादव व मुखबिर कृष्णा यादव विक्कू को लाइन बाजार के रसैना मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। वह भागने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। हालांकि अभी भी पुलिस की गिरफ्त से पिता उदयराज यादव व भाई राय साहब यादव दूर हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि मृतक राजेश यादव को हत्यारों ने इस वजह से रास्ते से हटाया क्योंकि वह राहुल यादव के प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहा था। साथ ही उसके चलते एक माह पहले ही प्रेमिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। वहीं पुलिस का कहना है कि हत्या पुरानी रंजिश को लेकर हुई है, जिसकी विवेचना की जा रही है। प्रभारी निरीक्षण सतीश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से गले पर हमले की पुष्टि हुई है। इसमें मुख्य आरोपी व मुखबिर को पकड़ा जा चुका है, उनकी निशानदेही पर चापड़ भी बरामद किया गया है। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है, अगर प्रेम प्रसंग होगा तो यह भी विवेचना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।