शहर की चौपट ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद शुरू हो गई है। एसपी सिटी ने मातहतों के साथ बैठक कर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने का प्लान तैयार किया है।
इसके तहत सिपाहियों की संख्या बढ़ाई जाएगी और सभी चौराहों पर उन्हें तैनात किया जाएगा। वन वे व्यवस्था को और पुख्ता बनाया जाएगा ताकि कहीं जाम न लगे।
खासकर हाईवे और शहर के भीड़भाड़ वाले चौराहों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की प्लानिंग की गई। इसके लिए टीएसआई को जिप्सी भी मुहैय्या कराई गई है।
शहर में ओलंदगंज, जेसीज चौराहा, पालिटेक्निक चौराहा, वाजिदपुर तिराहा, चहारसू चौराहा, कोतवाली, सब्जी मंडी, सिपाह तिराहा आदि ऐसे चौराहेे हैं जहां आए दिन जाम लगता है।
जाम का कारण बेतरतीब वाहनों के खड़े होने और वन वे व्यवस्था सख्ती से लागू नहीं होना है। कहने को तो ड्यूटी होमगार्डों की रहती है लेकिन सिपाही न रहने से उनकी कोई बात नहीं मानता।
चौराहे पर ही लोग उनसे उलझ जाते हैं और मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। ट्रैफिक सिपाहियों की संख्या मात्र 10 होने की वजह से खासा दिक्कत हो रही है।
अब उनकी संख्या बढ़ाकर 40 की जाएगी और होमगार्डों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों का चालान करने के लिए क्रेन मंगाया जाएगा।
ऐसे वाहनों को क्रेन से उठाकर थाने भेजवा दिया जाएगा और उन्हें जुर्माना वसूल करने के बाद ही छोड़ा जाएगा। एसपी सिटी रामजी सिंह यादव ने बताया कि ट्रैफिक की प्लानिंग तैयार कर ली गई है। शीघ्र ही इसे लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिपाहियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।