जौनपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस भी पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। सोशल मीडिया के जरिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले व खुराफातियों पर सबक सिखाने के लिए टीम गठित की गई है। यह टीम फेक न्यूज व सोशल मीडिया पर नजर रखेगी। इसको लेकर एक इंस्पेक्टर, दो दारोगा व 10 सिपाही की पूरी टीम लगाई गई है।
लोकसभा चुनाव में अभी तक केवल भाजपा ने जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है। चुनाव के समय अक्सर असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए समाज में तनाव बढ़ाते हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने अपने सोशल मीडिया सेल को मजबूत करना शुरू कर दिया है। इसके लिए सेल के सदस्यों को प्रशिक्षण देकर निगरानी कराई जा रही है। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना से पहले ही पुलिस ने अपना काम शुरू कर दिया है। ऐसे में सोशल मीडिया के जरिए कोई माहौल बिगाड़ न पाए, इसके भी पुख्ता बंदोबस्त किये जा रहे हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह सेल आपराधिक प्रवृत्ति वाले व खुराफातियों पर शिकंजा कस पाएगी।
सेल की यह होगी जिम्मेदारी :-
वॉट्सएप ग्रुप, ट्विटर(अब एक्स), इंस्टाग्राम पर भड़काऊ वीडियो, मेसेज अपलोड कर शांति भंग करने वालों पर निगरानी रखने का काम करेगी। ऐसी पोस्ट को चिह्नित कर सोशल मीडिया साइट्स के हेड ऑफिस भेजकर 24 से 48 घंटे के भीतर उनकी आईडी को बंद कराया जाएगा।
टीम को दिया गया प्रशिक्षण
अभी तक सोशल मीडिया सेल को केवल पुलिस अधिकारी के प्रचार-प्रसार के लिए रखा गया था। नई सेल में एक इंस्पेक्टर, दो एसआई व 10 सिपाही लगाए गए हैं। इस टीम को ट्विटर यानि एक्स नोटिफिकेशन, फेसबुक, यूट्यूब नोटिफिकेशन, इंस्टाग्राम व टेलीग्राम चैनल, फेक न्यूज को पहचानने आदि का प्रशिक्षण दिया गया।
खुराफातियों व सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वालों पर पुलिस की पैनी नजर होगी। इसके लिए टीम गठित कर दी गई है। यह सोशल मीडिया व फेक न्यूज की निगरानी करेगी। ऐसे लोगों की आईडी बंद कराते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-शैलेंद्र सिंह, एडिशनल एसपी ग्रामीण।