जौनपुर के बदलापुर में पंचायत चुनाव के बाद गांवों में कोरोना का संक्रमण तेज हुआ है। इसके बावजूद सैनिटाइजेशन में लापरवाही बरती जा रही है। विधायक रमेशचंद्र मिश्र की शिकायत पर छह गांवों के सफाई कर्मचारियों को डीपीआरओ ने निलंबित कर दिया है।
साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन का पूरा अभियान सिर्फ शहरी इलाकों व चुनिंदा क्षेत्रों तक सिमट कर रह गया है। विधायक बदलापुर रमेशचंद्र मिश्र ने शुक्रवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद किया था। इस दौरान कई गांवों के लोगों ने कोरोना संक्रमण बढ़ने के बावजूद सैनिटाइजेशन न होने की शिकायत की। इसे गंभीरता से लेते हुए विधायक ने इसकी शिकायत डीएम से की।
डीएम ने डीपीआरओ को कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके तहत शनिवार को डीपीआरओ संतोष कुमार ने महराजगंज ब्लाक के असरोपुर गांव में तैनात सफाईकर्मी आनंद व राजेंद्र यादव, उमरीखुर्द के विनोद कुमार, बदलापुर ब्लाक के ग्राम पंचायत कूंहीकला के विजय कुमार व पहितियापुर के मोहम्मद आलम, बक्शा ब्लाक के मरगूपुर के सफाई कर्मचारी जयप्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।