सुल्तानपुर जिले के करौंदी थाना क्षेत्र के उधरनपुर गांव निवासी पवन मौर्या अपनी पत्नी निशा मौर्या, चचेरा भाई आदित्य पुत्र रामबचन मौर्या तथा पांच वर्षीय बेटी श्रेया के साथ सूरत शहर में रहकर नौकरी करता है। गत 21 जनवरी को वे चारों लोग सूरत से निशा के मायका कानपुर आए थे। जहां से 28 जनवरी को वे सभी पवन मौर्या के ननिहाल ख्वाजापुर गांव में नाना गुरुदीन मौर्या के घर आ गए।
गुरुवार की दोपहर निशा घर के बाहर छप्पर में बैठी हुई थी तभी अचानक साथ में आया चचेरा देवर आदित्य चाकू निकाल उसका गला रेतने लगा। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो तब तक वहां निशा का आधा गला कटा हुआ देखा। जमीन पर खून फैला हुआ था। हत्यारोपी को लोगों ने पकड़ कर घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। आदित्य का रिश्तेदारी की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती मुंबई में रहती है। फोन पर ही दोनों की बातें हुआ करती थीं। जिसकी जानकारी निशा को हुई तो उसने यह बात घर वालों को बता दी थी। इसी से नाराज होकर आदित्य ने अपनी भाभी की हत्या कर दी।