संवाद न्यूज एजेंसी
जौनपुर। सिकरारा ब्लॉक के सिरकोनी-रसैना-जगतगंज की सड़क की सूरत जल्द ही बदल जाएगी। मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृड़ीकरण के लिए शासन की ओर से 13.25 करोड़ की स्वीकृति मिल गई है। प्रक्रिया पूरी होने पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। सड़क बनने से करीब पांच हजार से अधिक लोगों की राह आसान हो जाएगी। रसैना-जगतगंज मार्ग सिरकोनी से रसैना होते जौनपुर-रायबरेली हाईवे से मिलती है। रोज इस मार्ग से पांच हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहनों को आवागमन होता है। यह मार्ग बीते दो साल से बदहाल है। गड्ढों के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। पिछले दिनों लोक निर्माण विभाग की ओर से इस मार्ग का प्रस्ताव बनाकर शासन स्तर पर भेजा गया था। इसकी स्वीकृति मिल गई है। कुल 8.800 किमी सड़क को चौड़ीकरण-सुदृड़ीकरण योजना के तहत सुधारा जाएगा।
इन गांवों को भी मिलेगी सहूलियत : सिरकोनी-रसैना जगतगंज मार्ग के कायाकल्प होने से करीब 10 गांवों के लोगों समेत अन्य जगहों से यात्रा करने वाले लोगों की राह आसान हो जाएगी। कुंवरदा, कंधरपुर, पचोखर, कुद्दूपुर, टेड़वा कचगांव, बंद्रीपुर, सिरकोनी, सिकरारा, मीरगंज आदि ग्राम पंचायतों के लोगों को इस मार्ग से आवागमन लगा रहता है।
सिरकोनी रसैना जगतगंज मार्ग का चौड़ीकरण सुदृड़ीकरण किया जाएगा। इसमें 13 करोड़ 25 लाख 49 हजार रुपये खर्च किया जाएगा। जिसकी कृत शासन की ओर से मिल गई है। ठंड कम होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। -राजेश राव, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग खंड द्यितीय।