जलालपुर क्षेत्र के नहोरा सिंघापुर गांव में आग लगने से धू धू कर जलते घर।संवाद
- फोटो : JAUNPUR
जलालपुर। क्षेत्र के नहोरा सिंहापुर के अनुसूचित जाति बस्ती में बृहस्पतिवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग में आधा दर्जन घर जल गए। घरों में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार दीपक के कच्चे घर में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। जब तक घर के लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें देख स्थानीय लोग शोर मचाते हुए आग बुझाने में जुटे, लेकिन आग की लपटें और तेज होती चली गईं। इस बीच पूर्व प्रधान सुनील यादव ने फायर ब्रिगेड व थाने पर सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची। गांव के लोगों ने ही अथक प्रयास से लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। इस अगलगी में राम निरंजन, रामजीत, रतन, दीपक, जगलाल के घर को आग ने अपनी चपेट में लिया। इन सभी के घर में रखा अनाज, बिस्तर, कागजात, नकदी व जेवरात आदि जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी ने घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। इस अगलगी में पांच घरों का सब कुछ जलकर राख हो गया।