जौनपुर। शहर की परंपरा के अनुसार शनिवार 28 फरवरी को शहर में विशाल ‘सेल बाजार’ का आयोजन होने जा रहा है। इस खास दिन दुकानदार अपने सालभर के बचे हुए स्टॉक को बेहद रियायती दरों पर बेचते हैं। सस्ते सामान की इस सेल का लाभ उठाने के लिए न केवल शहर, बल्कि ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। इसके लिए बढ़ने वाली भीड़ के मद्देनजर शहर में रूट डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है। सेल से एक दिन पहले शुक्रवार सुबह से ही दुकानदारों ने अपनी तैयारियां तेज कर दीं। सड़कों की पटरियों और दुकानों के बाहर विशेष काउंटर लगाए गए। व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों में भी इस महासेल को लेकर उत्साह दिखा, क्योंकि यहां मनपसंद कपड़े और घरेलू सामान काफी कम कीमतों पर उपलब्ध होते हैं। व्यापार मंडल के पदाधिकारी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी बनाए हुए दिखे। भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता के अनुसार 28 फरवरी को सुबह नौ बजे से रात 10 बजे तक शहर के पांच प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात को सुचारु रखने के लिए चार विशेष पार्किंग स्थल भी बनाए गए हैं।व्यापारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि खरीदारी के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।