मां शीतला चौकिया धाम में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी के फेरे के लिए जा रहे जोड़ों को चुनरी
धर्मापुर। प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शीतला चौकिया धाम के समीप स्थित मैदान में रविवार को मां चौकिया सेवा जनकल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इसमें 18 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पवित्र अग्नि के सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की।समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा और महंत विवेकानंद ने स्वयं कन्यादान की रस्म अदा की। एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में फिजूलखर्ची रोककर एकजुटता का बड़ा संदेश देते हैं। विधायक रमेश मिश्रा ने नव-दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए इसे प्रेरणादायी कदम बताया। ट्रस्ट की ओर से सभी जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान और उपहार भेंट किए गए। समारोह के दौरान कलाकारों ने मांगलिक गीतों से उत्सव का माहौल बनाए रखा। हालांकि, विदाई के समय जब बेटियां ससुराल के लिए रवाना हुईं, तो वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों और अतिथियों की आंखें भी नम हो गईं। इससे पूर्व अभिनेता आशीष माली और महंत विवेकानंद ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर कमला प्रसाद मिश्र, विवेक मौर्य, राम मोहन सिंह, पायल किन्नर, संतोष शुक्ला, सुजीत मौर्य, आनंद यादव आदि मौजूद रहे।
मां शीतला चौकिया धाम में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी के फेरे के लिए जा रहे जोड़ों को चुनरी