अब रसोई गैस की बुकिंग के बाद कई कई दिनों तक इंतजार नहीं करना होगा। बुकिंग के 48 घंटे से लेकर सात दिन के भीतर हर हाल में गैस की आपूर्ति कर दी जाएगी। सात दिन के भीतर गैस की आपूर्ति न करने वीली एजेंसी को डिफाल्टर घोषित कर दिया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत सोमवार को जिले में ईजी गैस ई-साल्यूशन एलपीजी मानीटरिंग व्यवस्था का उद्घाटन डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने किया।
डीएम ने आशीर्वाद गैस एजेंसी के प्रवेश कुमार सिंह, धनंजय सिंह को और सीआरओ अरविंद कुमार पांडेय ने मनीष प्रताप सिंह को प्रमाण पत्र दिया। एजेंसी संचालकों को बताया गया कि आईवीआरएस के माध्यम से सभी बुकिंग, जिसमें 48 घंटे आपूर्ति की अधिकतम सीमा है। इसका अनुपालन न करने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी जिलापूर्ति अधिकारी आरबी प्रसाद ने बताया कि बुकिंग मोबाइल के अलावा लोकवाणी/जनसेवा केंद्र से भी कराई जा सकेगी। लोकवाणी या जनसेवा केंद्र से बुकिंग कराने पर 15 रुपये शुल्क देना होगा। उपभोक्ता को केंद्र से बुकिंग की रसीद मिलेगी और उस पर आपूर्ति की अंतिम तिथि भी अंकित होगी। बुकिंग के लिए उपभोक्ता को पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, इपिक मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट, राशनकार्ड में से कोई भी एक पहचान पत्र लेकर ही गैंस की बुकिंग की जायेगी।
लोकवाणी, सहज जनसेवा केंद्रों के संचालकों एवं गैस वितरकों को जिला सूचना विज्ञान अधिकारी उमाशंकर वर्मा ने गैंस बुकिंग संबंधी साफ्टवेयर के बारे में जानकारी दी। कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए कंप्यूटर आपरेटर के साथ सूचना विज्ञान केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन प्रतिदिन बुकिंग की मानीटरिंग करेगा।