रेस्टोरेंट में जांच कर बाहर निकलते सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता। वीडियो ग्रैब
जौनपुर। भंडारी क्षेत्र में पिछले दो महीने से चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में रेशमा नामक महिला को गिरफ्तार किया है। वह 1500 रुपये लेकर बाहरी महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराती थी। मौके पर आपत्तिजनक हालत में मिले एक जोड़े को लिखा पढ़ी के बाद छोड़ दिया गया।
भंडारी मोहल्ले में रेशमा के घर में अवैध देह व्यापार की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह के साथ दोपहर में छापा मारा। छापे के दौरान एक महिला और पुरुष आपत्तिजनक हालत में पाए गए। मौके से कुछ रुपये और आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की गईं। रेशमा बिचौलिया का काम कर रही थी। नियमानुसार लिखा-पढ़ी के बाद महिला और पुरुष को छोड़ दिया गया। रेशमा के खिलाफ पूछताछ के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
रेस्टोरेंट से हटाए गए पर्दे वाले प्राइवेट केबिन
पुलिस और प्रशासन की टीम ने भंडारी क्षेत्र की कार्रवाई के बाद टीडी कॉलेज क्षेत्र का रुख किया। यहां होटल और रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पर्दा लगाकर बनाए गए प्राइवेट केबिनों पर आपत्ति जताई। इन असुरक्षित केबिनों को मौके पर ही हटवा दिया गया।
सभी रेस्टोरेंट मालिकों को भविष्य में ऐसे केबिन न बनाने की चेतावनी भी दी गई। अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन निकास के कोई उचित प्रबंध नहीं थे। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें टीडी कॉलेज के आसपास कुछ रेस्टोरेंट में सुरक्षित जगह बनाकर लोगों को बैठाए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच में पाया गया कि केबिन न तो अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप थे और न ही किसी आपात स्थिति में प्रवेश व निकास के अलग-अलग रास्ते थे। मौके पर ही इन असुरक्षित केबिनों को हटवा दिया गया है, और शेष बचे केबिनों को भी जल्द ही हटाने की कार्रवाई की जाएगी।