राजाबाजार। महराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव में शुक्रवार को जमीन संबंधी विवाद में हुई मारपीट में मौत के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीन अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
मजीठी गांव में प्रमोद सिंह डब्बू और मारकंडेय सिंह के बीच जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों के परिवार के सदस्य पंचायत चुनाव में मतदान के लिए घर आए थे। शुक्रवार की सुबह पुराने विवाद में दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें गंभीर रूप से घायल प्रमोद सिंह की बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों से 13 लोग घायल हुए हैं। इस मामले में मृतक के चाचा सभाजीत सिंह की तहरीर पर दस नामजद आरोपियों पर केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही सात आरोपियों माताफेर सिंह, मनोज सिंह, जोगिंदर सिंह, विकास सिंह, सुभाष सिंह, विशाल सिंह, अशोक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ओमनारायण सिंह का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की भी गिरफ्तारी जल्द ही की जाएगी।