जिले की तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 267 शिकायतें आईं। इनमें से 26 का मौके निस्तारण हो सका। शेष के समाधान के लिए संबंधित विभाग और अधिकारियों को निर्देश दिया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र खुद मड़ियाहूं तहसील पहुंचे और जनता की 74 शिकायतें सुनीं। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया। इसके अलावा अन्य शिकायतों को भी जल्द निस्तारित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि उनकी मौजूदगी तक आए शिकायत पत्रों में सबसे अधिक मामले जमीन विवाद थे। इसके लिए लेखपालों और तहसीलदारों को मौके पर जाकर सही पैमाइश कर मामले का समाधान कराने को कहा है। इस मौके पर सीएमओ डाॅ. लक्ष्मी सिंह, एसडीएम कुणाल गौरव, तहसीलदार आदि मौजूद रहे। मछलीशहर में उपजिलाधिकारी न्यायिक शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़े 142 शिकायती प्रार्थना पत्र आए। तीन का निस्तारण मौके पर किया गया। भूमि संबंधी शिकायतों की अधिकता रही। केराकत में एसडीएम सुनील कुमार की अध्यक्षता में कुल 151 प्रार्थना पत्र पड़े। इसमें से 11 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण हो गया।