मीरगंज। सेमरी अंडरपास के नीचे बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद नेशनल हाईवे प्रशासन जाग गया है। एनएच ने दुर्घटना स्थल पर आनन-फानन में संकेतक (साइन बोर्ड) लगाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति सचेत करना शुरू कर दिया है।
बता दें कि बुधवार को हुई इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एनएच के अधिकारियों का कहना है कि अभी फ्लाईओवर पूरी तरह चालू नहीं हुआ है।
इसके बावजूद बाइक सवार वहां से अत्यधिक तेज गति से गुजर रहे हैं। इसी खतरे को देखते हुए फिलहाल फ्लाईओवर पर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया है। नियम के मुताबिक अंडरपास के नीचे उतरते समय वाहनों की गति धीमी होनी चाहिए, लेकिन लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इसी वजह से अब वहां संकेतक लगाए गए हैं।